Operation Sheruwali: Firing initiated at suspected positions in Jammu and Kashmir's Rajouri
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के घने जंगलों में छिपे आतंकवादियों का पता लगाने के अभियान के चौथे दिन मंगलवार को सुरक्षा बलों ने विशिष्ट ठिकानों पर गोलीबारी शुरू की और अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए तेज किए गए प्रयासों के तहत मांजकोट क्षेत्र के डोरिमल-गंभीर मोगला बेल्ट में संदिग्ध ठिकानों पर हमला किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद वन क्षेत्र से धुएं के गुबार उठता नजर आया, जिससे संकेत मिलता है कि अभियान के दौरान लक्षित स्थानों पर हमले किए गए थे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल सोमवार को चलाए गए अभियान में आतंकियों के ठिकाने को ध्वस्त किए जाने के बाद आतंकवादियों के भागते समय वहां गिरे खून के निशान के आधार पर भी तलाश अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि हेलिकॉप्टरों, ड्रोनों और खोजी कुत्तों की मदद से, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों के संयुक्त दल आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती के साथ अभियान क्षेत्र के चारों ओर घेरा और मजबूत कर दिया गया है।