नासिक में प्याज की कीमतों में गिरावट, नंदगांव एपीएमसी भंग करने की मांग की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-05-2026
Onion prices fall in Nashik, demand for dissolution of Nandgaon APMC
Onion prices fall in Nashik, demand for dissolution of Nandgaon APMC

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्याज की कीमतों में भारी गिरावट के बीच किसानों के एक संगठन ने महाराष्ट्र के नासिक जिले में नंदगांव कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) को तत्काल भंग करने की मंगलवार को मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि यह समिति प्याज की नीलामी कराने में विफल रही है।

सोमवार को किसानों ने नंदगांव एपीएमसी परिसर के बाहर ट्रैक्टर-भर प्याज फेंककर प्रशासन और व्यापारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
 
किसानों का आरोप है कि नासिक जिले की कई मंडियों में थोक प्याज की कीमतें टूटी हैं जिसके कारण उत्पादकों को लागत और परिवहन खर्च तक नहीं मिल पा रहा है।
 
व्यापारियों एवं किसान समूहों के अनुसार, औसत गुणवत्ता वाला प्याज फिलहाल कई एपीएमसी में 800 से 1,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है जबकि कुछ किस्मों की कीमत एक से चार रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गई है।
 
महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संघ ने मंगलवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि बाजार समिति ‘‘निष्क्रिय’’ हो चुकी है और कठिन समय में नेतृत्व ने जिम्मेदारी छोड़ दी है।
 
संघ ने कहा, ‘‘ नंदगांव बाजार समिति इस समय केवल कागजों पर मौजूद है। संचालन पर कोई प्रशासनिक नियंत्रण नहीं है और चेयरमैन का कोई पता नहीं है। स्थिति पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है जहां अधिकारियों ने किसानों की परेशानियों से मुंह मोड़ लिया है।’’
 
प्याज उत्पादक संघ ने कहा कि कृषि उपज की नीलामी कराने में समिति की विफलता दर्शाती है कि उसका बोर्ड अपनी मुख्य जिम्मेदारी निभाने में असफल रहा है।
 
संघ ने मांग की, ‘‘ यदि समिति किसानों की उपज की नीलामी कराने में सक्षम नहीं है तो पूरे निदेशक मंडल को अयोग्य घोषित कर संस्था को भंग किया जाना चाहिए। सरकार तुरंत प्रशासक नियुक्त करे और लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित करे।’’