उमर अब्दुल्ला ने ईरान युद्ध को ‘अन्यायपूर्ण और अवैध’ बताया, प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-03-2026
Omar Abdullah calls Iran war 'unjust and illegal', appeals to PM to intervene
Omar Abdullah calls Iran war 'unjust and illegal', appeals to PM to intervene

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘‘ईरान पर थोपी गई अन्यायपूर्ण एवं अवैध जंग’’ की शुक्रवार को निंदा की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मानवता के हित में इस युद्ध को समाप्त कराने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया।

अब्दुल्ला ने विधानसभा में सदन के नेता के रूप में यह बयान दिया। इससे पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई सदस्यों ने इस मामले में संक्षिप्त बयान दिए जाने की मांग की थी जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि ईरान संकट एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है और यह इस सदन के दायरे में नहीं आता।
 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं ईरान पर थोपी गई इस अन्यायपूर्ण और अवैध जंग की अपनी ओर से और अपने सहयोगियों की ओर से कड़ी निंदा करता हूं। मैं अयातुल्ला अली खामेनेई, उनके सहयोगियों और इस संघर्ष में जान गंवाने वाले सभी लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
 
अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री से भी अपील करता हूं कि वह इस युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त कराने में मदद के लिए सभी उपलब्ध कूटनीतिक माध्यमों एवं संबंधों का इस्तेमाल करें। इससे न केवल हमें, बल्कि पूरी मानवता को लाभ होगा।’’