आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा में सतर्कता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति (डीए) रखने के आरोप में दो सरकारी अधिकारियों की संपत्तियों पर मंगलवार को छापेमारी शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सतर्कता अधिकारियों ने संभलपुर में कारखाना एवं बॉयलर विभाग के सहायक निदेशक उमाकांत सामंतराय और जाजपुर जिले के बड़चणा प्रखंड में तैनात सहायक अभियंता (एई) बंदिता दास की संपत्तियों की तलाशी शुरू की।
अधिकारियों ने बताया कि संभलपुर के विशेष न्यायाधीश (सतर्कता) द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर आठ डीएसपी, 11 निरीक्षक, 11 एएसआई और अन्य सहायक कर्मचारियों की टीम ने संभलपुर, भुवनेश्वर, पुरी और खुर्दा में सात स्थानों पर तलाशी ली।
सतर्कता अधिकारी ने बताया कि दास और उनके सहयोगी सोमोनाथ सेठी को सोमवार को एक व्यक्ति से सुरक्षा जमा राशि जारी करने और लंबित बिलों को मंजूरी देने के एवज में 35,000 रुपये रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में पकड़ा गया था।
उन्होंने बताया कि कटक स्थित दास के आवास की तलाशी के दौरान सतर्कता विभाग ने 5.15 लाख रुपये नकद बरामद किए। मामले में आगे जांच जारी है।