ओडिशा ने छात्राओं को रात में बाहर न निकलने की ममता की सलाह को बताया निराशाजनक

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 13-10-2025
Odisha calls Mamata Banerjee's advice to girl students not to venture out at night disappointing
Odisha calls Mamata Banerjee's advice to girl students not to venture out at night disappointing

 

भुवनेश्वर
 
ओडिशा सरकार ने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को देर रात बाहर न निकलने की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सलाह को सोमवार को "निराशाजनक" बताया।
 
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास विभाग की भी प्रभारी प्रावती परिदा ने बनर्जी के बयान की कड़ी निंदा की।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “दीदी और एक महिला मुख्यमंत्री के रूप में जानी जाने वालीं ममता बनर्जी ने अपने इस बयान से महिलाओं को निराश किया है कि लड़कियों को रात में बाहर नहीं जाना चाहिए। उनके बयान ने न केवल मुझे, बल्कि पश्चिम बंगाल की चार करोड़ 90 लाख महिलाओं को भी हैरान कर दिया है। उनके बयान ने सभी महिलाओं को चकित व अपमानित किया है।”
 
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय लैंगिक असमानता लाने और लड़कियों के अधिकारों पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। इसके अलावा, अगर आपको उड़िया लड़की की पीड़िता के लिए कोई सहानुभूति नहीं है, तो उन्हें उड़ीसा सरकार को पत्र लिखना चाहिए। हम आपके राज्य में भी अपने बच्चों के मामले को समझ सकते हैं।”
 
उन्होंने सवाल किया, “अगर लड़कियां एक महिला मुख्यमंत्री से सहानुभूति, सुरक्षा व अधिकार की उम्मीद नहीं करती हैं, तो वे किससे इसकी उम्मीद करेंगी?”
 
बनर्जी ने रविवार को कहा था, " खासकर दूसरे राज्यों से पश्चिम बंगाल में पढ़ाई करने आईं छात्राओं से छात्रावासों के नियमों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। उन्हें देर रात बाहर निकलने से बचना चाहिए, हालांकि उन्हें जहां चाहें जाने का मौलिक अधिकार है।”
 
बनर्जी ने यह बयान ओडिशा की रहने वाली दुर्गापुर में स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा से शुक्रवार रात कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद दिया। छात्रा अपने एक मित्र के साथ रात्रि भोज के लिए बाहर गई थी।