उ. कोरिया ने बारूदी सुरंग विस्फोट से किया इनकार, द. कोरिया पर साजिश का आरोप लगाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-09-2026
North Korea denies landmine explosion, accuses South Korea of ​​conspiracy
North Korea denies landmine explosion, accuses South Korea of ​​conspiracy

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन की बहन ने बुधवार को दक्षिण कोरिया के उन दावों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि उत्तर कोरिया ने बारूदी सुरंगें बिछाई थीं जिनकी चपेट में आकर पिछले हफ्ते दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे।
 
उत्तर कोरिया की प्रभावशाली नेता मानी जाने वाली किम यो जोंग ने चेतावनी दी कि अगर दक्षिण कोरिया की सेना सीमा पर किलेबंदी का काम कर रहे उसके सैनिकों पर गोलीबारी करती है तो वे इसका माकूल जवाब देंगे।
 
कोरियाई देशों के बीच भारी सुरक्षा वाले सीमा क्षेत्र असैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमजेड) के पश्चिमी हिस्से में सैन्य सीमांकन रेखा के पास 21 सितंबर को लगातार हुए दो विस्फोटों में दक्षिण कोरिया के तीन सैन्य अधिकारी घायल हो गए थे।
 
किम यो जोंग का बयान दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ (जेसीएस) द्वारा सोमवार को दिए गए उस प्रारंभिक आकलन के बाद आया है जिसमें अमेरिका के नेतृत्व वाली संयुक्त राष्ट्र कमान के साथ घटनास्थल के संयुक्त निरीक्षण के बाद कहा गया था कि विस्फोट उत्तर कोरियाई बारूदी सुरंगों के कारण हुए।
 
दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि दक्षिण कोरिया और संयुक्त राष्ट्र के जांच अधिकारियों को मंगलवार को आगे की जांच के दौरान एक और उत्तर कोरियाई बारूदी सुरंग मिली।
 
संयुक्त राष्ट्र कमान ने बुधवार को कहा कि उसने यह निष्कर्ष निकाला है कि उत्तर कोरिया ने 1950 से 1953 के बीच हुए कोरियाई युद्ध को समाप्त करने वाले युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है।
 
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री कांग शिन-चुल ने कहा है कि यदि पूरी जांच में विस्फोटों के लिए उत्तर को जिम्मेदार पाया जाता है तो दक्षिण कोरिया ‘‘उचित जवाबी कदम’’ उठाने पर विचार करेगा।