Nishant Kumar and nine other NDA candidates filed their nominations.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार विधानपरिषद की नौ सीट के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी नौ उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उनमें भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह, राज्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख शामिल हैं।
बिहार की 75 सदस्यीय विधानपरिषद की नौ सीट पर द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से आठ सीट पर राजग उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा समर्थित विधान परिषद उम्मीदवार पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए विधानसभा परिसर में बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। भाजपा ने पूर्व के राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए उन्हें विधान परिषद भेजने का फैसला किया है।
वर्ष 2024 में पवन सिंह ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट लेने से इनकार कर दिया था और बाद में बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। माना जाता है कि उनके इस कदम से शाहाबाद क्षेत्र में राजग को नुकसान हुआ था और गठबंधन को कई सीट ‘इंडिया’ गठबंधन के हाथों गंवानी पड़ी थीं।
पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव से पहले पवन सिंह भाजपा में लौट आए थे। उस समय उन्होंने कहा था कि वह ‘‘पार्टी के सच्चे सिपाही’’ बने रहना चाहते हैं और चुनावी टिकट की अपेक्षा से पार्टी में वापसी नहीं कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और राज्य सरकार में मंत्री निशांत कुमार नामांकन दाखिल करने के दौरान जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा तथा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ मौजूद थे।
हालांकि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार इस अवसर पर उपस्थित नहीं थे। पार्टी नेताओं के अनुसार वह रोहतास जिले में अपने एक पुराने मित्र से मिलने गए हुए थे।