Niqab controversy: Giriraj Singh said – women should refuse the job or go to hell, opposition attacks Nitish
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महिला चिकित्सक का नकाब हटाने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी विवादों के घेरे में रहे। एक तरफ जहां केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कुमार के इस बर्ताव का बचाव किया, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष ने बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
महिला का नकाब हटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसने एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई, जहां कुमार आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। जब महिला अपना नियुक्ति पत्र लेने आई, तो नीतीश कुमार ने उसका नकाब देखा और पूछा, ‘‘यह क्या है?’’ इसके बाद उन्होंने नकाब हटा दिया।
मुस्लिम महिला चिकित्सक का नकाब हटाने के मामले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए बृहस्पतिवार को नया विवाद खड़ा कर दिया।
सिंह ने कहा कि यह महिला पर निर्भर है कि वह सरकारी नौकरी को ठुकरा दे या ‘‘जहन्नुम में जाए।’’
सिंह ने नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘कुछ भी गलत नहीं किया’’ है।
केंद्रीय मंत्री ने तर्क दिया, ‘‘अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए? क्या यह कोई इस्लामिक देश है? नीतीश कुमार ने अभिभावक की भूमिका निभाई।’’