आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले महीने फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले की जांच के लिए मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मामला विमान अपहरण रोधी अधिनियम, 2016 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने एनआईए द्वारा नौ अक्टूबर को दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि भारतीय नागरिक पायलट मच्छार पर 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में उनके सह-पायलट ने कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला कथित तौर पर विमान का अपहरण करने या उसे दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के तहत किया गया था।