सैरांग-सिलचर के बीच नयी ट्रेन सेवा की शुरुआत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-02-2026
New train service starts between Sairang-Silchar
New train service starts between Sairang-Silchar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को मिजोरम के सैरांग और असम में कछार जिले के सिलचर के बीच नयी रेल सेवा का डिजिटल उद्घाटन किया।
 
अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से कनेक्टिविटी बढ़ाने और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद मिलेगी।
 
मिजोरम में मुख्यमंत्री पी. लालदुहोमा सैरांग स्टेशन पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ ग्रामीण विकास मंत्री लालनिलाव्मा, राजस्व मंत्री बी. लालछांजोवा और मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं विधायक टीबीसी लालवेंछुंगा भी मौजूद थे।
 
लालदुहोमा ने सभा को संबोधित करते हुए सैरांग–सिलचर रेल लिंक को राज्य की प्रगति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।
 
उन्होंने कहा कि इस लिंक से असम के साथ संबंध मजबूत होंगे, अदरक जैसे कृषि उत्पादों के लिए बड़े बाजार तक पहुंच सुनिश्चित होगी, और राज्य की प्रमुख ‘बाना काइह’ (सहयोग) योजना को भी मजबूती मिलेगी।
 
उन्होंने कहा कि नयी रेल सेवा केवल यात्रियों की सुविधा के लिए नहीं है, बल्कि यह मिजोरम के लिए आर्थिक नजरिये से भी महत्वपूर्ण है।
 
उन्होंने कहा, “सिलचर सिर्फ एक पड़ोसी शहर नहीं है, बल्कि मिज़ोरम के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक मार्ग है। नयी ट्रेन सेवा मिजोरम की आर्थिक प्रगति में सकारात्मक योगदान देगी।”
 
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'एक्ट ईस्ट नीति' की सराहना करते हुए कहा कि इससे मिजोरम और पूर्वोत्तर क्षेत्र को राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण स्थान मिला।
 
उन्होंने कहा, “पहले दूरस्थ माने जाने वाले पूर्वोत्तर क्षेत्र में अब बेहतर कनेक्टिविटी के लाभ दिख रहे हैं।”