आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को विधि संकाय के एक छात्र ने कक्षा के अंदर एक छात्रा के सिर में कथित तौर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी, जबकि भयभीत सहपाठी यह खौफनाक मंजर देखते रह गये। इसके बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल अवैध प्रतीत होती है, और साथ ही यह भी बताया कि आरोपी प्रिंस राज (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज किया जा रहा है, जबकि संदीप कौर (19) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सेवानिवृत्त कर्मी का पुत्र है।
हमलावर प्रिंस राज एवं संदीप कौर दोनों ही कानून के प्रथम वर्ष के छात्र और सहपाठी थे।
संदीप के परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि प्रिंस कुछ समय से उसे परेशान कर रहा था, वहीं पीड़िता की मां हरजिंदर कौर ने सवाल उठाया कि एक छात्र कॉलेज में हथियार कैसे ला सका। परिवार ने बताया कि संदीप की सगाई हो चुकी थी।
पुलिस उपाधीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि प्रिंस ने कक्षा के अंदर संदीप कौर पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई और उसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि प्रिंस को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने कहा कि हत्या के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया, वे दोस्त प्रतीत होते हैं। संभवतः, उनकी दोस्ती में खटास आ गई। यह सब जांच का हिस्सा है।" उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों के दोस्तों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ करेगी।
एसएसपी ने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। फुटेज में प्रिंस, संदीप और एक अन्य छात्रा एक साथ बैठे हुए दिखाई दिए, जबकि कुछ अन्य छात्र भी नजर आ रहे हैं।
अचानक प्रिंस अपने डेस्क से खड़ा हुआ अपने बैग से पिस्तौल निकाली और संदीप को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी सिर में गोली मार ली और जमीन पर गिर पड़ा।