दाऊद की डी-कंपनी को ‘भारत स्थित’ गिरोह बताने पर नयी दिल्ली ने संरा की रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-10-2026
New Delhi strongly objects to UN report describing Dawood's D-Company as an 'India-based' gang
New Delhi strongly objects to UN report describing Dawood's D-Company as an 'India-based' gang

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत ने संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष प्रतिवेदक द्वारा गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के नेतृत्व वाली डी-कंपनी को ‘‘भारत स्थित’’ आपराधिक गिरोह बताए जाने को सख्ती से खारिज किया है और इस संबंधी एक रिपोर्ट में ‘‘स्पष्ट एवं गंभीर तथ्यात्मक गलतियों’’ की ओर ध्यान दिलाते हुए आगाह किया कि इस तरह की अक्षमता से विश्व निकाय को भारी नुकसान पहुंचता है।
 
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव रघू पुरी ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की तीसरी समिति में यह कड़ा जवाब दिया। उन्होंने आतंकवाद का मुकाबला करते हुए मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रताओं के संवर्धन एवं संरक्षण पर विशेष प्रतिवेदक बेन सॉल की एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह कड़ी टिप्पणी की।
 
पुरी ने कहा, ‘‘मेरा प्रतिनिधिमंडल अन्य मंचों पर भी इस बात को लेकर गंभीर चिंता जताता रहा है कि विशेष प्रतिवेदक तथ्यात्मक गलतियों वाली रिपोर्ट जारी कर रहे हैं और इसके लिए उन्हें जवाबदेह भी नहीं ठहराया जा रहा। यह अस्वीकार्य स्थिति है।’’
 
उन्होंने कहा कि इससे सदस्य देशों के सामने एक ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है, जिसमें उन्हें किसी निर्णय को स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह उस संगठन के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसकी विश्वसनीयता पर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं।
 
पुरी ने कहा, ‘‘इसी संदर्भ में हम अपने देश के संदर्भ में कुछ विशेष रूप से गंभीर तथ्यात्मक गलतियों की ओर ध्यान दिलाना चाहते हैं।’’