आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के उपरांत कई दिनों की अनिश्चितता और चिंता के बाद, विदर्भ के चार तीर्थयात्री अंतत: शनिवार सुबह सुरक्षित नागपुर लौट आए, जिससे उनके परेशान परिवारों को बड़ी राहत मिली।
वापस लौट तीर्थयात्रियों में तीन महिलाएं शामिल हैं। इंदिरा चौधरी (65), वर्धा की सुलोचना खापरे, और हिंगनघाट के दीपक पांडे और वर्षा उपाध्याय पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके से आए तीर्थयात्रियों के उस समूह का हिस्सा थे, जो नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर का दर्शन करने गया था।
खापरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह समूह 19 अगस्त को ट्रेन से नेपाल के लिए रवाना हुआ था और 21 अगस्त को पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचा। अपनी तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद, समूह के सदस्य 25 अगस्त को काठमांडू लौट आए।
विदर्भ से आए तीर्थयात्री नेपाल-तिब्बत सीमा के उस इलाके में नहीं थे जहां त्रासदी आई थी, लेकिन नेपाल से बाहर जाने वाले रास्तों की स्थिति के कारण वे काठमांडू में ही फंस गए थे। तीर्थ यात्रियों से संपर्क नहीं होने की वजह से परिवार चिंतित थे।
चौधरी ने बताया कि वे 27 अगस्त की रात काठमांडू लौटे थे और उसके बाद बाढ़ के कारण पैदा हुई स्थिति की वजह से फंस गए थे।