आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल-तिब्बत इलाके में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ के बाद फंसे महाराष्ट्र के 404 लोगों में से 338 से संपर्क कर अधिकारियों ने उनके सुरक्षित होने की पुष्टि की है और उनमें से 37 लोगों को भारत लाया जा रहा है। राज्य सरकार की एक रिपोर्ट से शनिवार को यह जानकारी सामने आयी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई की 'ऋचा टुअर्स’ के जरिये नेपाल गए 60 पर्यटकों का अभी तक कोई अता-पता नहीं है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विदेश मंत्रालय ने राज्य सरकार को 149 भारतीयों की एक सूची सौंपी है, जो चीन/तिब्बत इलाके में सुरक्षित हैं। ये सभी महाराष्ट्र के अलग-अलग ज़िलों के रहने वाले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने पहचान और आगे के तालमेल के लिए सभी जिलाधिकारियों को सूची भेज दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल-तिब्बत इलाके में फंसे महाराष्ट्र के 404 लोगों में से 37 लोगों का एक समूह (तिब्बत के) सागा से निकल चुका है और उसे भारत लाया जा रहा है।