NDA Manifesto for Kerala Elections: Free LPG Cylinders and Financial Assistance Promised to Poor Families
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया, जिसमें जरूरतमंद महिलाओं और 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को आर्थिक सहायता, गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, राज्य में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने और मंदिरों का संरक्षण करने का वादा किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां राजग के एक कार्यक्रम में यह घोषणा पत्र जारी किया।
घोषणा पत्र में, राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम को कन्नूर से जोड़ने वाले हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क, प्रत्येक परिवार के लिए 20,000 लीटर मुफ्त पानी और मुल्लापेरियार बांध के संबंध में ‘‘तमिलनाडु के लिए पानी और केरल को सुरक्षा’’ का भी वादा किया गया है।
इसमें कहा गया है कि गरीब और बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले) परिवारों की प्रत्येक महिला को 2,500 रुपये के मासिक रिचार्ज वाला भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसका उपयोग वे दवा दुकानों और किराना दुकानों पर कर सकती हैं।
इसके अलावा, गरीब परिवारों की महिला मुखिया, विधवाओं और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति माह 3,000 रुपये की कल्याण पेंशन दी जाएगी।
घोषणा पत्र के अनुसार, हर साल ओणम और क्रिसमस के दौरान गरीब परिवारों को एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिये जाएंगे।
इसमें कहा गया है, ‘‘हम देवस्वोम बोर्ड का पुनर्गठन कर शबरिमला, गुरुवायूर और अन्य सभी पूजा स्थलों का संरक्षण करेंगे, ताकि मंदिर प्रबंधन में श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके।’’