Nazara Tech reports Rs 82.47 crore loss in Q1, Nitish Mittersain steps down as CEO
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गेमिंग एवं खेल मीडिया मंच नजारा टेक्नोलॉजीज ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 82.47 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी को 51.34 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 14 प्रतिशत घटकर 428.77 करोड़ रुपये रह गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 498.77 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का राजस्व 7.8 प्रतिशत बढ़ा। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में कंपनी ने 55.7 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
कंपनी ने साथ ही घोषणा की कि नीतीश मित्तरसैन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद से इस्तीफा दे दिया है। वह एक सितंबर, 2026 से सीईओ नहीं रहेंगे। हालांकि, वह कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में कार्यरत रहेंगे।
कंपनी के निदेशक मंडल ने नीतीश मित्तरसैन के उत्तराधिकारी के रूप में रेमंड अल्बालादेजो स्टॉफर को नया सीईओ नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
स्टॉफर गूगल के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं और ब्लूटाइल गेम्स तथा बेस्टप्ले सिस्टम्स के संस्थापक हैं।
मार्च 2026 में नजारा ने घोषणा की थी कि उसकी ब्रिटेन स्थित अनुषंगी कंपनी स्पेन की सोशल गेमिंग कंपनियों ब्लूटाइल गेम्स और बेस्टप्ले सिस्टम्स में 50 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी 10.03 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 918 करोड़ रुपये) में खरीदेगी।
अब कंपनी के निदेशक मंडल ने इस अधिग्रहण की शर्तों में संशोधन किया है।