Namaz controversy: ABVP protests by reciting Hanuman Chalisa at Lucknow University
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लखनऊ विश्वविद्यालय में मंगलवार को स्थिति उस समय तनाव पूर्ण हो गई जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सदस्य परिसर स्थित लाल बारादरी मस्जिद के पास हाल में नमाज अदा किए जाने के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए एकत्र हुए। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।
अधिकारियों के अनुसार, एबीवीपी कार्यकर्ता लाल बारादरी क्षेत्र के पास एकत्र हुए और परिसर के अंदर समूहों में मार्च करते हुए “जय श्री राम” के जयकारे लगाए।
वीडियो में पुलिस को प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते देखा गया।
बाद में प्रदर्शनकारी मस्जिद के सामने सड़क पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। उन्होंने उस स्थान के “शुद्धिकरण” की मांग की, जहां कुछ दिन पहले कथित रूप से नमाज अदा की गई थी।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। उन्हें परिसर में खड़ी एक बस में बैठाया गया और बाद में पुलिस लाइन ले जाया गया। वीडियो में कुछ लोगों को सुरक्षाकर्मियों द्वारा परिसर से बाहर ले जाते भी देखा गया।
विश्वविद्यालय में मौजूद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “फिलहाल हम स्थिति को संभाल रहे हैं। अग्रिम कार्रवाई के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।”
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर राकेश द्विवेदी ने कहा, “हम छात्रों से बातचीत कर रहे हैं और मामले का समाधान करेंगे।”