आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने सूखा प्रभावित सूची में 40 और तालुकों को शामिल कर लिया है, जिससे प्रभावित तालुकाओं की कुल संख्या बढ़कर 305 हो गई है।
फडणवीस ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि इन तालुकों के किसान सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए दी जाने वाली सरकारी सहायता का लाभ उठा सकते हैं।
राज्य सरकार ने बारिश की कमी के बाद पिछले माह 265 तालुकाओं को सूखा प्रभावित घोषित किया था और फसल ऋण, भू-राजस्व में रियायतें और बिजली बिल सब्सिडी सहित राहत उपायों की घोषणा की थी।
फडणवीस ने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष होने पर बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव भी पारित किया।
मोदी सात अक्टूबर 2001 से लगातार सरकार प्रमुख के तौर पर काम कर रहे हैं-पहले तीन कार्यकाल के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और उसके बाद तीन लोकसभा चुनाव जीतने के बाद देश के प्रधानमंत्री के तौर पर।