कोलकाता में अवैध हथियार बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़, मालिक फरार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-10-2026
Illegal arms manufacturing unit busted in Kolkata, owner absconding
Illegal arms manufacturing unit busted in Kolkata, owner absconding

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कोलकाता बंदरगाह के नदियाल थाना क्षेत्र में अवैध हथियार बनाने वाली एक इकाई का पता लगाकर वहां से आग्नेयास्त्र, गोला-बारूद और उपकरण जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ के कर्मियों ने मंगलवार रात इलाके के एक मकान पर छापा मारा और वहां से सात एमएम की दो पिस्तौल, देश में बने दो हथियार, विभिन्न बोर के कारतूस और कारतूस के खोखे बरामद किए।
 
अधिकारी ने बताया कि हथियार बनाने में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इनमें हथौड़े, आरी और ड्रिल मशीन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और इकाई का मालिक फरार है।
 
अधिकारी ने कहा, ‘‘हथियार, गोला-बारूद और बंदूकें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं। इकाई का मालिक फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस काम में अन्य लोग शामिल थे।’’
 
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में आरोपियों की पहचान करने और इस अवैध गतिविधि के दायरे का पता लगाने पर ध्यान दिया जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस इकाई से अन्य लोगों को हथियारों की आपूर्ति की जा रही थी।