दिवाला संहिता में और सुधार किए जाएंगे, प्रक्रियाएं जारी: कॉरपोरेट कार्य सचिव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
More reforms will be made in Insolvency Code, processes ongoing: Corporate Affairs Secretary
More reforms will be made in Insolvency Code, processes ongoing: Corporate Affairs Secretary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने सोमवार को कहा कि देश में दिवाला समाधान व्यवस्था को अधिक कारगर बनाने के लिए दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) में और सुधार किए जाने की दिशा में प्रक्रियाएं जारी हैं।

गोविल ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिवाला समाधान व्यवस्था को अर्थव्यवस्था की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाने के साथ अधिक तेज, भरोसेमंद और प्रौद्योगिकी आधारित बनाने की जरूरत है।
 
उन्होंने सार्वजनिक प्राधिकरणों से मंजूर दिवाला समाधान योजनाओं को तत्काल लागू करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे नए मालिक संबंधित कंपनियों का परिचालन जल्द शुरू कर सकेंगे।
 
सचिव ने कहा कि समाधान योजना को मंजूरी मिलना प्रक्रिया का अंत नहीं, बल्कि कंपनी के पुनरुद्धार की शुरुआत है। कागज पर मंजूर योजना का कोई लाभ नहीं है, यदि कारोबार का हस्तांतरण नहीं होता, भुगतान नहीं किया जाता या प्रतिबद्धताएं पूरी नहीं की जातीं।
 
गोविल ने भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) के भारतीय दिवाला पेशेवर संस्थान (आईआईआईपीआई) के 10वें स्थापना दिवस समारोह को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि मंजूर दिवाला समाधान योजनाओं के जरिये कर्जदाताओं को 4.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हुई है।
 
उन्होंने कहा कि आईबीसी बैंकों के लिए दबावग्रस्त परिसंपत्तियों से धन वसूलने का सबसे प्रभावी माध्यम बन गई है।