आसियान देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी करना चाहता है आंध्र प्रदेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
Andhra Pradesh wants to have long term maritime partnership with ASEAN countries
Andhra Pradesh wants to have long term maritime partnership with ASEAN countries

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने सोमवार को कहा कि राज्य बंदरगाहों के बीच संपर्क, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी करना चाहता है।
 
विशाखापत्तनम में आयोजित आसियान-भारत समुद्री सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य एक प्रमुख समुद्री और औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने के लिए बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे, विनिर्माण क्षेत्र और डिजिटल संपर्क सुविधाओं का विस्तार कर रहा है।
 
उन्होंने कहा, ''हम बेहतर बंदरगाह संपर्क, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और कौशल विकास पर ध्यान देते हुए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी करना चाहते हैं।''
 
भारत के पूर्वी तट और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए लोकेश ने कहा कि कलिंगपत्तनम और मछलीपत्तनम जैसे प्राचीन बंदरगाहों के जरिये दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता था।
 
उन्होंने कहा कि सागरमाला, समुद्री भारत दृष्टिकोण 2030 और समुद्री अमृत काल दृष्टिकोण 2047 जैसे कार्यक्रमों से भारत के समुद्री क्षेत्र को नई गति मिल रही है।
 
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जहाज निर्माण और समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने के लिए करीब 70,000 करोड़ रुपये के पैकेज को भी मंजूरी दी है। इसमें 25,000 करोड़ रुपये का समुद्री विकास कोष शामिल है।
 
लोकेश ने कहा कि भारत का मात्रा के लिहाज से 95 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्ग से होता है। ऐसे में आर्थिक वृद्धि के लिए बंदरगाहों का बुनियादी ढांचा और समुद्री संपर्क महत्वपूर्ण हैं।