आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सीमेंट कंपनी डालमिया भारत ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 700 करोड़ रुपये तक के शेयर पुनर्खरीद प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह अधिकतम 37.83 लाख शेयरों की पुनर्खरीद करेगी। यह उसकी मौजूदा चुकता इक्विटी पूंजी का 2.02 प्रतिशत है।
पुनर्खरीद के लिए प्रति शेयर अधिकतम 1,850 रुपये का भाव तय किया गया है। यह सोमवार को बीएसई पर कंपनी के शेयर के 1,550.95 रुपये के भाव से करीब 19.3 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने कहा कि यह पुनर्खरीद मौजूदा शेयरधारकों और लाभकारी मालिकों से की जाएगी। इस प्रक्रिया में प्रवर्तकों, प्रवर्तक समूह के सदस्यों और कंपनी पर नियंत्रण रखने वाले व्यक्तियों को शामिल नहीं किया जाएगा।
डालमिया भारत ने कहा, "पुनर्खरीद के अधिकतम आकार का कम-से-कम 75 प्रतिशत यानी 525 करोड़ रुपये शेयरों की पुनर्खरीद पर खर्च किया जाएगा। इसके अलावा, पुनर्खरीद शुरू होने से 66 कारोबारी दिनों की अवधि के शुरुआती आधे हिस्से में कम-से-कम 280 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।"