भक्ति चालक
जन्म अबू धाबी में हुआ, बचपन दुबई में गुज़रा और पढ़ाई के लिए मुंबई में रहीं। आज फिर से परदेस में रहने के बावजूद अम्मारा चौगुले की बातों में महाराष्ट्र के कोंकण, वहां के लोगों और अपने मुल्क के अपनेपन का ज़िक्र बार-बार आता है।
डिजिटल मार्केटिंग से लेकर कंटेंट क्रिएशन तक, कोंकण की इस बेटी ने दुबई में अपनी एक खास पहचान बनाई है। परदेस की आधुनिक ज़िंदगी जीते हुए भी भारत से अपना रिश्ता संभालकर रखने वाली अम्मारा से 'आवाज़-द वॉयस' ने खास बातचीत की।
अबू धाबी में जन्म, लेकिन रग-रग में बसा है कोंकण
घर में मां-बाप कोंकणी में बात करते थे। इसलिए अबू धाबी में पैदा होने और दुबई में पली-बढ़ी होने के बावजूद अम्मारा चौगुले की पहली ज़बान कोंकणी ही रही। आस-पास अलग-अलग देशों के लोग, अलग ज़बानें और संस्कृतियां होने के बावजूद घर में सिर्फ कोंकणी ही बोली जाती थी। परदेस में रहकर भी अपनी ज़बान और तहज़ीब की पहचान घर से ही ज़िंदा रखी गई।
अम्मारा के वालिद महाराष्ट्र के रत्नागिरी ज़िले के खेड से हैं, जबकि मां गुहागर ताल्लुका से। शादी के बाद वालिद काम के सिलसिले में मां को दुबई ले गए। वहीं अबू धाबी में अम्मारा का जन्म हुआ। उनका एक भाई मुंबई में नौकरी करता है और एक बहन अभी पढ़ाई कर रही है।
अम्मारा की शुरुआती पढ़ाई दुबई में हुई, जबकि हाईस्कूल और कॉलेज की तालीम उन्होंने मुंबई से पूरी की। शादी के बाद वह फिर से अबू धाबी चली गईं। उनके शौहर अदनान मोमिन भी गुहागर के साखरी गांव के रहने वाले हैं और इन्फोसिस में नौकरी करते हैं। अम्मारा और अदनान का एक छह साल का बेटा और तीन साल की बेटी है।

दुबई की आधुनिक ज़िंदगी और भारत का अपनापन
दुबई और भारत की ज़िंदगी का तज़ुर्बा साझा करते हुए अम्मारा दोनों जगहों का फर्क साफ महसूस करती हैं। दुबई में कई देशों के लोग एक साथ रहते हैं। वहां आधुनिक सुविधाएं, बेहतरीन व्यवस्था और ग्लोबल लाइफस्टाइल है। लेकिन हर कोई अपने काम और ज़िंदगी में व्यस्त है। एक-दूसरे की निजी ज़िंदगी में कोई दखल नहीं देता।
वहीं भारत में अपने लोगों से मिलने की खुशी ही अलग होती है। किसी का हालचाल पूछना, मुश्किल वक्त में मदद के लिए दौड़ पड़ना या यूं ही बैठकर गप्पें मारना—इन छोटी-छोटी बातों से अपनापन महसूस होता है। परदेस में रहते हुए इन्हीं चीज़ों की कमी खलती है।
अम्मारा जब भी भारत आती हैं, तो अलग-अलग जगहों पर घूमती हैं। उन्हें भारत की हरियाली, कुदरत और लोगों से बातचीत करना बहुत पसंद है। खासकर बाइक या स्कूटी पर घूमने का जो आज़ाद एहसास उन्हें भारत में मिलता है, वह दुबई में नहीं मिल पाता।
"पाबंदियां सिर्फ एक मज़हब तक महदूद नहीं"
भारत और परदेस के तज़ुर्बे बताते हुए अम्मारा ने महिलाओं की आज़ादी का मुद्दा भी उठाया। उनके मुताबिक, भारत में महिलाओं को घर से बाहर निकलते वक्त कई बार समाजी पाबंदियों का सामना करना पड़ता है। सुरक्षा की चिंता और 'लोग क्या कहेंगे' वाली सोच भी महिलाओं के फैसलों पर असर डालती है।
उन्होंने साफ कहा कि यह मसला सिर्फ किसी एक मज़हब तक महदूद नहीं है। कई आम परिवारों में महिलाओं के आने-जाने पर अलग-अलग तरह की रोक-टोक दिखती है। वहीं दुबई में कई देशों के लोग साथ रहते हैं, इसलिए अलग-अलग पहनावे और मज़हबी पहचान को आसानी से अपनाया जाता है। वहां हिजाब पहनने वाली महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर अलग नज़र से नहीं देखा जाता।
इस बारे में अम्मारा कहती हैं, “महिलाओं को लेकर हमारे समाज में आज भी कुछ पाबंदियां हैं। लड़कियों को कितने बजे बाहर जाना चाहिए, कब लौटना चाहिए, इस पर कई सवाल पूछे जाते हैं। यह मसला सिर्फ एक मज़हब का नहीं है, किसी भी धर्म के परिवार में ऐसा हो सकता है।”
हालांकि, वह यह भी मानती हैं कि हर जगह कुछ न कुछ मुश्किलें होती ही हैं। संघर्ष ज़िंदगी का हिस्सा है और उसी से इंसान सीखता है। वह कहती हैं, “संघर्ष हर जगह होता है। बिना संघर्ष के ज़िंदगी जीने का मज़ा भी नहीं आता।”
डिजिटल मार्केटिंग से सिनेमैटोग्राफी तक का सफर
अम्मारा ने बीबीए (BBA) की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग और सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन (SEO) में डिप्लोमा किया। आगे चलकर सोशल मीडिया की खास ट्रेनिंग ली। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का शौक होने की वजह से उन्होंने सिनेमैटोग्राफी और वीडियो एडिटिंग के कोर्स भी पूरे किए।
भारत में उन्होंने शादी से पहले और शादी के बाद कुछ वक्त तक नौकरी की। फिलहाल वह आज़ाद तौर पर फ्रीलांसिंग और कंटेंट क्रिएशन का काम करती हैं। वह डिजिटल मार्केटिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, सिनेमैटोग्राफी और एडिटिंग जैसे कई काम खुद संभालती हैं।
वह बताती हैं कि कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कई महिलाएं काम कर रही हैं, लेकिन किसी वीडियो का आइडिया सोचने से लेकर शूटिंग, सिनेमैटोग्राफी और एडिटिंग तक का सारा काम खुद करने वाली महिलाएं मुस्लिम समाज में अभी काफी कम हैं।
अम्मारा ने करीब चार साल पहले सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना शुरू किया था। शुरुआत में वह अपना चेहरा दिखाए बिना वीडियो बनाती थीं, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। दूसरी बार प्रेग्नेंट होने पर उन्होंने कुछ वक्त के लिए ब्रेक लिया, लेकिन बेटी के जन्म के बाद भारत आकर उन्होंने फिर से अपना काम शुरू कर दिया।
जब दुबई में सजा कोंकणी शादी का माहौल
परदेस में रहने वाले कोंकणी परिवारों को गांव की शादियों, त्यौहारों और अपनों से मिलने की याद हमेशा आती है। गांव के शादी वाले घर की रौनक, रिवाज और खुशियों का माहौल फिर से जीने के लिए दुबई में एक खास प्रोग्राम रखा गया था।
इस प्रोग्राम में करीब 100 कोंकणी महिलाएं शामिल हुई थीं। यह कोई असली शादी नहीं थी, बल्कि शादी जैसा माहौल बनाकर कोंकणी रस्मों को जीने का एक जश्न था। इसका मकसद परदेस में रहने वाली महिलाओं को अपनी संस्कृति से फिर से जोड़ना था।
इस प्रोग्राम में अम्मारा ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की ज़िम्मेदारी अपने खुद के खर्च पर उठाई। उन्होंने पूरा शूट किया, वीडियो एडिट किए और रील्स भी बनाईं। 'कोंकणी कनेक्ट' (Konkani Connect) नाम के पेज पर इस प्रोग्राम की तस्वीरें और वीडियो देखे जा सकते हैं। इस तरह उन्होंने अपने हुनर का इस्तेमाल अपने समाज की महिलाओं को खुशी देने के लिए किया।

शादी के बाद भी अपने ख्वाब ज़िंदा रखें
शादी के बाद कई महिलाओं की ज़िंदगी में बड़े बदलाव आते हैं। घर, बच्चों और परिवार की ज़िम्मेदारियों के बीच अपने शौक के लिए वक्त निकालना मुश्किल हो जाता है। अम्मारा ऐसी ही महत्वाकांक्षी महिलाओं के लिए एक अहम पैगाम देती हैं।
उनका मानना है कि शादी हो जाने या डिग्री पूरी कर लेने का मतलब यह नहीं है कि खुद को निखारने का सफर खत्म हो गया। अगर कोई सीखी हुई चीज़ फौरन काम न भी आए, तो उसका ज्ञान आगे कभी भी काम आ सकता है। इसलिए सीखने की लगन हमेशा ज़िंदा रखनी चाहिए।
अम्मारा कहती हैं, “कुछ महिलाएं शादी के बाद अपनी ज़िंदगी से संतुष्ट रहती हैं, वह भी ठीक है। लेकिन कुछ लड़कियों के मन में शादी से पहले से ही कुछ करने की चाहत होती है। उन्हें अपने लिए कुछ हासिल करना होता है। ऐसी लड़कियों को कभी भी सीखना बंद नहीं करना चाहिए।
खुद को हमेशा बेहतर बनाते रहना चाहिए।”परिवार की ज़िम्मेदारियां बखूबी निभाते हुए अम्मारा अपने पसंदीदा क्षेत्र में काम कर रही हैं। कुछ नया सीखने का जज़्बा और अपने लोगों से जुड़े रहने की चाहत उनकी बातों में साफ झलकती है।