Gujarat: About 80 thousand tourists reached 'Lion Safari' parks during Diwali holidays.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिवाली की एक सप्ताह की छुट्टियों के दौरान गुजरात के ‘लॉयन सफारी’ उद्यानों में 80 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिससे राज्य के वन विभाग को करीब 1.59 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। राज्य सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सरकार के अनुसार, नौ से 15 नवंबर के बीच राज्य के प्रमुख और उभरते वन्यजीव पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई।
सरकार ने बताया कि इस दौरान गिर और देवलिया में 60,661 पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, एशियाई शेरों के प्राकृतिक आवास वाले सौराष्ट्र क्षेत्र के सफारी उद्यानों में दिवाली की छुट्टियों के दौरान देशी और विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी।
विज्ञप्ति में बताया गया कि जूनागढ़ स्थित गिरनार नेचर सफारी, अमरेली के अंबार्डी सफारी और पोरबंदर के बरड़ा सफारी उद्यानों में वर्ष 2026 के दौरान पिछले साल की तुलना में पर्यटकों की संख्या व राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।