आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अकासा एयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय दुबे ने कहा है कि अगर सरकार हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन कंपनियों के स्वामित्व की अनुमति देने के प्रस्ताव पर विचार करती है तो कंपनी इसका समर्थन करेगी।
उन्होंने कहा कि भारत के विमानन क्षेत्र में और प्रतिस्पर्धा की जरूरत है।
अकासा एयर के संस्थापक एवं सीईओ दुबे की यह टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है, जिनमें कहा गया है कि सरकार हवाई अड्डा परिचालकों को विमानन कंपनियां रखने की अनुमति देने पर विचार कर रही है।
दुबे ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सरकार उस स्थिति से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि वे (सरकार) इस बारे में जानते हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखेंगे। इसलिए मैं इस कदम का समर्थन करता हूं।’’
दुबे हवाई अड्डा परिचालकों को एयरलाइन कंपनियां रखने की अनुमति देने के प्रस्ताव से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे।
देश में विमानन क्षेत्र में ‘‘और अधिक प्रतिस्पर्धा’’ की आवश्यकता पर जोर देते हुए अकासा एयर के संस्थापक ने कहा कि भारत में कई एयरलाइंस होनी चाहिए, हो सकती हैं और इसका समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब कोई निजी हवाई अड्डा संचालक किसी एयरलाइन कंपनी का भी स्वामित्व रखता है तो सरकार को कुछ पहलुओं पर विचार करना होगा।