Monsoon likely to enter North Bengal in three-four days: Meteorological Department
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन से चार दिनों में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे उप-हिमालयी जिलों में पहुंचने की संभावना है।
राज्य के उत्तरी जिलों में पहले से ही मानसून पूर्व वर्षा हो रही है तथा आने वाले दिनों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
आईएमडी ने बुलेटिन में कहा कि अगले तीन से चार दिनों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि यह सामान्य प्रवेश तिथि 6 जून से पीछे है।
दक्षिण बंगाल में बारिश के बावजूद मौसम में उमस बनी रही।
बुलेटिन के अनुसार अगले दो दिनों में दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
उसने कहा कि अगले दो दिनों में राज्य के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल में अलीपुरदुआर में सर्वाधिक 133 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में जलपाईगुड़ी (53 मिलीमीटर), कूचबिहार (18 मिलीमीटर), दार्जिलिंग (7.8 मिलीमीटर) और कलिम्पोंग (19 मिलीमीटर) में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।