मोदी ने ग्लास्गो में भारत के गलत मानचित्र पर आपत्ति जताने के लिए लवलीना की सराहना की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-08-2026
Modi praised Lovlina for objecting to the wrong map of India in Glasgow
Modi praised Lovlina for objecting to the wrong map of India in Glasgow

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन की सराहना की, जिन्होंने ग्लास्गो के एक रेस्तरां में भारत के गलत मानचित्र पर आपत्ति जताई थी।

मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेताओं के साथ अपनी अनौपचारिक बातचीत के दौरान लवलीना की प्रशंसा की।
 
प्रधानमंत्री ने रविवार को हुई इस बातचीत में चुटकुले सुनाए और पदक विजेताओं से खेलों की तैयारी और ग्लास्गो में उनके अनुभवों के बारे में सुना। मोदी के कार्यालय ने सोमवार को इसका वीडियो जारी किया।
 
उन्होंने 75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाली लवलीना से पूछा, ‘‘क्या हुआ वो रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थी?’’
 
असम की मुक्केबाज ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘‘यह एक खुशी का अवसर था। हम जश्न मना रहे थे और मुझे देश का गलत मानचित्र देखना अच्छा नहीं लगा। मैंने विनम्रतापूर्वक उन्हें बताया और उन्होंने बदलाव भी कर दिया।’’
 
मोदी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि यह समझदारी भरा काम था, खासकर ऐसे समय में जब वह अपनी जीत का जश्न मना रही थीं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘खेलों के समापन और जश्न के माहौल में उस नक्शे के महत्व को पहचान पाना। मैं आपको सच बता सकता हूं, वह वीडियो साधारण नहीं था। लोग उसे लंबे समय तक याद रखेंगे।’’