आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश मिलने के बाद, यहां नेमोम निर्वाचन क्षेत्र से नव-निर्वाचित भाजपा विधायक राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि लोगों की मदद के लिए विधायक कार्यालय चौबीसों घंटे खुला रहेगा।
यह कार्यालय जून के पहले सप्ताह में शुरू होगा और इस निर्वाचन क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे एम्बुलेंस सेवा भी मुहैया कराई जाएगी।
चंद्रशेखर भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई के अध्यक्ष भी हैं। वह इस बार केरल विधानसभा के लिए चुने गए भाजपा के तीन विधायकों में से एक हैं।
बृहस्पतिवार को निर्वाचन क्षेत्र के एस्टेट, करुमम और कलाडी वार्डों में आयोजित 'नंदी नेमोम' जन स्वागत सभाओं को संबोधित करते हुए, विधायक ने कहा कि नए कार्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को हर वक्त सहायता मिले, विशेष रूप से आपात स्थितियों में।
चौबीसों घंटे उपलब्ध एम्बुलेंस सेवा से उन मरीजों और उनके परिवारों सहायता मिलेगी जिन्हें देर रात चिकित्सा स्थितियों के दौरान समय पर परिवहन प्राप्त करने में कठिनाई होती है।