miscreants looted jewellery and cash after taking a GST officer and his family hostage.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार को तीन हथियारबंद बदमाशों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग के एक सहायक आयुक्त और उनके परिवार को उनके घर में करीब 90 मिनट तक कथित तौर पर बंधक बनाए रखा और वे सोने के आभूषण, नकदी एवं अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ‘अपना घर शालीमार’ आवासीय सोसाइटी में हुई।
पुलिस के अनुसार, नकाब पहने तीनों बदमाश कथित तौर पर छत पर छिपे हुए थे और सुबह जीएसटी के सहायक आयुक्त ओम प्रकाश के परिवार ने जैसे ही मुख्य द्वार खोला वे घर में घुस आए।
पुलिस ने बताया कि पिस्तौल से लैस बदमाशों ने ओम प्रकाश, उनकी पत्नी और बच्चों को बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और यह बताने के लिए मजबूर किया कि उनका कीमती सामान कहां रखा है।
ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी पत्नी द्वारा पहने हुए आभूषण भी छीन लिए।
उन्होंने कहा कि बदमाशों ने उनकी पत्नी से बलात्कार करने की धमकी भी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आवासीय सोसाइटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।