Melania Trump will become the first First Lady to preside over a meeting of the UN Security Council.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगी।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार यह पहली बार होगा जब कोई प्रथम महिला इस परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगी।
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने पत्रकारों को बताया कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप सोमवार दोपहर को सुरक्षा परिषद की अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगी तो यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा। 15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बारी-बारी से आने वाली अध्यक्षता मार्च के लिए अमेरिका के पास है।
प्रथम महिला के कार्यालय ने बताया कि वह जिस बैठक की अध्यक्षता करेंगी उसका उद्देश्य ‘‘सहिष्णुता और विश्व शांति को बढ़ावा देने में शिक्षा की भूमिका’’ को रेखांकित करना होगा।
मेलानिया ट्रंप ने संघर्षरत क्षेत्रों में बच्चों के मुद्दे को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। उन्होंने पिछले वर्ष रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी पत्र लिखा था, जिसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण विस्थापित कुछ बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने की पहल की गई।
दुजारिक ने बताया कि सोमवार की बैठक का विषय ‘‘संघर्ष की परिस्थितियों में बच्चे, प्रौद्योगिकी और शिक्षा’’ होगा, जिसमें संयुक्त राष्ट्र की राजनीतिक मामलों की प्रमुख रोजमैरी डिकार्लो महासचिव की ओर से परिषद को संबोधित करेंगी।