आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कई अन्य को बरी किए जाने के बाद शुक्रवार को दावा किया कि गुजरात और पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी में भाजपा के ‘‘सुविधाजनक सहयोगियों’’ के खिलाफ कार्यवाही ठंडी पड़ जाएगी।
पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा एक ‘इच्छाधारी नाग’ है जो सिर्फ कांग्रेस को हराने के लिए अपना रूप बदलती रहती है और इसके लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है।
खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं है। वह एक इच्छाधारी नाग है जिसके पास रूप बदलने की शक्ति है। उसका एक ही जुनूनी लक्ष्य है कि कांग्रेस को हराना और कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है। इस लक्ष्य के लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘12 वर्षों तक उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ ज़हर उगला। और अब...? नरेन्द्र मोदी स्वयं उसकी प्रशंसा कर रहे हैं वह भी सम्मान के कारण नहीं, बल्कि कांग्रेस पर वार करने के लिए।’’
खेड़ा ने दावा किया कि चुनाव आ रहे हैं, इसलिए पटकथा भी एकदम अनुमानित है।