निरीक्षण में खाद्य सामग्री खराब मिलने पर पांच मेडिकल कॉलेज की छात्रावास कैंटीन को नोटिस जारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-08-2026
medical colleges after food items were found to be defective during inspection
medical colleges after food items were found to be defective during inspection

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कर्नाटक में पांच मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों में संचालित कैंटीन/रसोई के संचालकों को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मियाद पूरी कर चुके खाद्य सामग्री मिलने और लेबल संबंधी नियमों के उल्लंघन समेत कई अनियमितताएं पाए जाने के बाद नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई 27 अगस्त को सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों में संचालित कुल 34 कैंटीन/रसोई के निरीक्षण के बाद की गई।
 
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के संबंध में पांच कैंटीन/रसोई संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
 
विभाग ने एक बयान में बताया कि एक कैंटीन में खाद्य सामग्री की लेबलिंग से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया। वहीं, एक रसोई में रखी सात किलोग्राम सूजी और आठ लीटर दूध जब्त किया गया जिनके इस्तेमाल की मियाद पूरी हो चुकी थी।
 
बयान में कहा गया, “इन उल्लंघनों को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार मामला दर्ज कर संबंधित खाद्य कारोबार संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।”
 
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के लिए संबंधित संचालक को सक्षम प्राधिकारी तथा अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट इस मामले में न्यायनिर्णयन अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।