आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुगल सल्तनत की कई कहानियां मशहूर हुई हैं, जिनमें सलीम और अनारकली की प्रेम कहानी से इस पीढ़ी के शायद सबसे ज्यादा लोग वाकिफ हैं। हालांकि, यह कहानी इतिहास के जरिए कम और फिल्मों के जरिए ज्यादा लोगों को मालूम हुई। जलालुद्दीन मोहम्मद अकबर के शहजादे सलीम उर्फ जहांगीर और मेहरून्निसा उर्फ नूरजहां का निकाह 25 मई के दिन ही हुआ था।
25 मई 2005 को हिंदी फिल्मों के विख्यात अभिनेता, निर्माता व निर्देशक सुनील दत्त का निधन हो गया।
उनके कैरियर की शुरुआत दक्षिणी एशिया के सबसे पुराना रेडियो स्टेशन ‘रेडियो सीलोन’ में एक उद्घोषक के रूप में हुई जहाँ वे बहुत लोकप्रिय हुए। इसके बाद उन्होंने हिन्दी फ़िल्मों में अभिनय करने की ठानी और बम्बई आ गये। 1955 मे बनी "रेलवे प्लेटफॉर्म" उनकी पहली फ़िल्म थी पर 1957 की 'मदर इंडिया' ने उन्हें बालीवुड का फिल्म स्टार बना दिया। डकैतों के जीवन पर बनी उनकी फिल्म ‘मुझे जीने दो’ ने वर्ष 1964 का फ़िल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार जीता। सफलता का सिलसिला आगे बढ़ता गया। सुनील दत्त ने राजनीति में भी कदम रखा। मनमोहन सिंह की सरकार में 2004 से 2005 तक वह खेल एवं युवा मामलों के कैबिनेट मन्त्री रहे। भारत सरकार ने 1968 में उन्हें पद्म श्री सम्मान प्रदान किया।
25 मई 2020 को हॉकी के महानतम खिलाड़ियों में से एक तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर का 96 साल की उम्र में निधन हो गया। देश के महानतम एथलीटों में से एक बलबीर सीनियर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा चुने गए आधुनिक ओलंपिक इतिहास के 16 महानतम ओलंपियनों में शामिल थे ।
अपने कौशल और उपलब्धियों के मामले में मेजर ध्यानचंद के समकक्ष रहे बलबीर सिंह सीनियर भारतीय हॉकी के स्वर्णिम दौर के आखिरी स्तंभ थे जिनके खेलने के दिनों में विश्व हॉकी में भारत की तूती बोलती थी ।
हेलसिंकी ओलंपिक (1952) फाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ पांच गोल का उनका रिकार्ड आज भी कायम है । उन्हें 1957 में पद्मश्री से नवाजा गया था और यह सम्मान पाने वाले वह पहले खिलाड़ी थे । बलबीर सीनियर ने लंदन (1948), हेलसिंकी (1952) और मेलबर्न (1956) ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते थे । वह 1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर भी थे ।
देश-दुनिया के इतिहास में 25 मई की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1611 : मुगल शासक जहांगीर ने मेहरून्निसा से निकाह किया, जो इतिहास में नूरजहां के तौर पर जानी जाती हैं।
1877 : यात्रियों से भरा स्टीमर ‘सर जॉन लारेंस उड़ीसा तट के पास डूब गया। स्टीमर में कुल 732 लोग सवार थे।
1961 : अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ़ केनेडी ने देश के अंतरिक्ष अभियान के लिए लाखों डॉलर की राशि को मंजूरी दी। उन्होंने वर्ष 1970 तक अमेरिका को चांद पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा था।
1963 : अफ्रीकी देशों को एकजुट करने के इरादे से 32 देशों ने अफ़्रीकी संघ का गठन किया।
1985 : बांग्लादेश में भारी तूफान के कारण लगभग 10 हजार लोगों की मौत।
1991 : इजराइल ने 14 हजार यहूदियों को इथियोपिया से निकाला।
1998 : यूरोपीय संघ के सदस्य देश परमाणु परीक्षणों के कारण भारत पर प्रतिबंध न लगाने के लिए सहमत हुए।
2003 : चिली ने विश्व कप टेनिस का ख़िताब पहली बार जीता।
2005 : हिंदी फिल्मों के विख्यात अभिनेता, निर्माता व निर्देशक सुनील दत्त का निधन।
2008 : अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा द्वारा भेजा गया रोबोट आज ही के दिन मंगल ग्रह पर उतरा।
2011 : ‘द ओपरा विनफ्रे शो’ की अंतिम कड़ी का प्रसारण। सबसे लंबे समय तक प्रसारित हुए इस टेलीविजन कार्यक्रम ने ओपरा को अमेरिका की सबसे रईस और प्रभावी शख्सियत बना दिया।
2013 : जापान के 80 वर्षीय युइशिरो मिडरा ने सबसे अधिक उम्र में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का रिकार्ड अपने नाम किया।
2018 : कनाडा के ओंटारियो प्रांत में दो अज्ञात लोगों ने एक भारतीय रेस्त्रां ‘बॉम्बे भेल’ में शक्तिशाली विस्फोट किया जिसमें 15 लोग घायल हो गये।
2020 : हॉकी के महानतम खिलाड़ियों में से एक तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर का 96 साल की उम्र में निधन।
2022 : अमेरिका में टेक्सास राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में एक कक्षा के भीतर 18 वर्षीय बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 19 बच्चों समेत 21 लोगों की हत्या कर दी और कई अन्य लोग इस घटना में घायल हो गए।
2025 : गाजा में इजराइल के ताजा हमले में बच्चों समेत 38 लोग मारे गए। इसी दिन खतरनाक सामग्री से भरे 13 कंटेनर समेत कुल 640 कंटेनर लेकर जा रहा लाइबेरियाई मालवाहक जहाज ‘एमएससी ईएलएसए 3’ पलटने के बाद केरल तट के पास समुद्र में डूब गया जिससे बड़े पैमाने पर तेल रिसाव हुआ और राज्यव्यापी अलर्ट जारी किया गया। नौसेना के जहाज ने चालक दल के सभी 24 सदस्यों को बचा लिया।