ममता ने उड़ानों में व्यवधान के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-12-2025
Mamata blames Centre for flight disruptions
Mamata blames Centre for flight disruptions

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली

 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देशभर में उड़ानों में व्यवधान के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमवार को कहा कि यात्री इस मुद्दे को लेकर अदालत भी जा सकते हैं।
 
बनर्जी ने उत्तर बंगाल के आधिकारिक दौरे पर रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि केंद्र की योजना के अभाव के कारण स्थिति बिगड़ी है।
 
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उड़ानें उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मेरा मानना ​​है कि यह स्थिति पूरी तरह से योजना के अभाव के कारण उत्पन्न हुई है। यह एक आपदा है। इसके लिए केंद्र जिम्मेदार है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें पहले ही वैकल्पिक व्यवस्था कर लेनी चाहिए थी। मुझे तो लगता है कि यात्री इस मामले में अदालत भी जा सकते हैं।’’
 
बनर्जी ने कहा कि इंडिगो द्वारा उड़ानें रद्द करने के बाद, यात्रियों को अन्य परिवहन साधनों से यात्रा करने के लिए कहा जा रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह कैसे संभव है? हवाई जहाज से दो घंटे का सफर ट्रेन से 24 से 36 घंटे में पूरा होता है। और फिर आपको पहले से टिकट और आरक्षण करवाना पड़ता है। कुल मिलाकर, इससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।’’