आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है।
इस क्षेत्र में नागपुर, चंद्रपुर, अकोला और अमरावती शामिल हैं। राज्य में बृहस्पतिवार को 25 अन्य निकायों के साथ इन चार नगर निकायों में भी मतदान हुआ था।
अधिकारियों द्वारा साझा किए गए शुरुआती रुझानों के अनुसार, नागपुर नगर निगम की 151 सीट में से भाजपा 74 पर आगे है। इसके बाद कांग्रेस 22 पर और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) दो पर आगे है।
नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे बड़े नेताओं का गढ़ है।
अकोला नगर निकाय की 80 सीट में से भाजपा 35 पर आगे है जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार 15 सीट पर आगे हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना आठ सीट पर आगे है। इसके बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सात वार्ड में आगे हैं।
महा विकास आघाडी के सहयोगी दल- शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) क्रमशः चार और तीन सीट पर आगे हैं।