Madhya Pradesh: Khajuraho Festival begins, 139 artists set a record by dancing for 24 hours
छतरपुर
मध्य प्रदेश की पर्यटन नगरी खजुराहो में नृत्य समारोह शुरू हुआ, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्घाटन किया. इस मौके पर 139 कलाकारों द्वारा लगातार 24 घंटों तक नृत्य किए जाने पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया.
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 139 कलाकारों द्वारा 24 घंटे लगातार नृत्य कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने पर कलाकारों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड वीरों की धरती है. 24 घंटे कथकली नृत्य प्रस्तुत कर विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए आप सभी कलाकारों को बधाई. इस नटराज नृत्य शैली को भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण ने किया था. नृत्य साधना में हम सभी के पूर्वजों की कल्पनाशीलता व गतिशीलता की झलक दिखाई देती है. मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार नृत्य मुद्राओं को महाकाल महालोक में शिल्पकला के माध्यम से प्रदर्शित करने का कार्य करा रही है. एक हजार साल पुराना कंदरिया महादेव मंदिर हमारी सांस्कृतिक विरासत है. नृत्य साधना व कलाओं की विधाओं के माध्यम से हमें संस्कृति की धारा को प्रवाहित करने का अद्भुत संकल्प मिलता है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो धर्म, संस्कृति व अध्यात्म का केंद्र है. खजुराहो में फिल्म सिटी के निर्माण के साथ स्थानीय कलाकारों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जा रही है. मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार खजुराहो के वैभव को ऊंचाई पर ले जाने का कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नृत्य स्मारिका का विमोचन कर कलाकारों को मध्य प्रदेश राज्य रूपांकर कलाकार सम्मान से सम्मानित किया.
शर्मा ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह में शामिल होना अद्भुत क्षण है. मध्य प्रदेश सरकार कलाकारों के लिए लगातार कार्य कर रही है. स्थानीय कलाकारों को इस समारोह में शामिल करके मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने स्थानीय कलाकारों का बहुत सम्मान किया है. स्थानीय कलाकारों को शामिल करके समारोह में एक नई शुरुआत की गई है. मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार स्थानीय कलाकारों को खजुराहो में प्रशिक्षण भी दिलाने जा रही है.