आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आंधी व बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार सुबह तक के 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश डूंगरगढ़ (बीकानेर) व डग (झालवाड़) में 14.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस फलोदी में रहा।
इसके अनुसार राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां अभी एक-दो दिन जारी रहने की संभावना है। इसके बाद भी पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं आठ जून से आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में आठ से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है व कहीं-कहीं 'हीटवेव' की स्थिति रह सकती है।