कोलकाता गोदाम हादसे में मृतकों की संख्या 16 पहुंची

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
Kolkata warehouse accident death toll rises to 16
Kolkata warehouse accident death toll rises to 16

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कोलकाता में गोदाम ढहने की घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में मौत के बाद शनिवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
 
अधिकारियों ने बताया कि घटना के चौथे दिन भी विभिन्न एजेंसियों की बचाव टीमें मौके पर मलबे में तलाश अभियान चला रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति उसमें फंसा न रह गया हो।
 
उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए वहां कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा मलबे में दबे उन लोगों का पता लगाने के लिए मोबाइल फोन टावर के डेटा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनके फोन अभी भी सक्रिय हैं।
 
एक अधिकारी ने कहा, "हमारी पहली प्राथमिकता खोज और बचाव अभियान को पूरा करना है। टीम ढहे हुए ढांचे के हर हिस्से की सावधानीपूर्वक जांच कर रही है। जब हम पूरी तरह आश्वस्त हो जाएंगे कि अंदर कोई फंसा नहीं है, तभी बड़े पैमाने पर मलबा हटाने का काम शुरू होगा।"
 
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "अस्पताल में उपचाराधीन बसंती निवासी खालेक सरदार नामक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जबकि 17 अन्य लोगों का इलाज जारी है।"
 
एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) द्वारा मलबे में फंसे लोगों की तलाश को आसान बनाने के लिए मुड़े हुए स्टील के ढांचों को काटने और हटाने में सहायता मांगे जाने के बाद भारतीय रेलवे शुक्रवार को बचाव अभियान में शामिल हो गया।
 
कोलकाता में बुधवार अपराह्न निर्माणाधीन गोदाम ढह गया था। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद पांच लोगों में शामिल मुख्य ठेकेदार का शव घटनास्थल से बरामद किया गया।
 
पुलिस ने ढांचे के ढहने के कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।