आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम की महिला एवं बाल विकास मंत्री बिंदु कृष्णा ने बुधवार को मुस्लिम महिलाओं का मार्गदर्शन करने वाले सामुदायिक संगठनों के बारे में अपने मंत्रमंडलीय सहयोगी के एम शाजी की हालिया टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं बिना किसी सामुदायिक भेदभाव के आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।
कृष्णा ने यहां शाजी के बयान के बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने वे टिप्पणियां नहीं देखी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘खैर, हम केरल में लड़कियों और महिलाओं की बहुत ही प्रगतिशील एवं आत्मविश्वास भरी तरक्की देख रहे हैं, चाहे वे किसी भी समुदाय की हों या फिर विद्वान हों या आम लोग। हम महिलाओं की तरक्की देख रहे हैं।’’
स्थानीय स्वशासन मंत्री शाजी के हालिया बयानों ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी है। उन्होंने चिंता जताई थी कि क्या मुस्लिम लड़कियों की तरक्की और उनकी बढ़ती उम्मीदों के बीच, उन्हें सही दिशा दिखाने के लिए सामुदायिक संगठन पूरी तरह तैयार हैं।
शाजी ने रविवार को कालीकट विश्वविद्यालय में सी एच कोया राष्ट्रीय संगोष्ठी में कहा था कि (मुस्लिम) समुदाय को इस बात पर विचार करने की ज़रूरत है कि मुस्लिम लड़कियां कितनी आगे बढ़ी हैं और क्या उन्हें सही दिशा दिखाने के लिए पर्याप्त प्रयास किए जा रहे हैं।