Kerala mimicry artist alleges cyber harassment over the way he pronounced CM's name
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के एक मिमिक्री कलाकार ने आरोप लगाया है कि उनके विदेश में दिए गए एक मंचीय कार्यक्रम की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उन्हें ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है और कुछ लोगों ने उन पर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का ‘अनादर’ करने का आरोप लगाया है।
मिमिक्री कलाकार महेश कुंजुमोन ने कहा कि यह विवाद आयरलैंड में हाल में हुए उनके एक कार्यक्रम से शुरू हुआ, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री की आवाज की नकल की थी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘वी. डी. सतीशन’ का जिक्र किया और एलईडी वॉल संचालक को नेता की तस्वीर प्रदर्शित करने को कहा।
कुंजुमोन ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट किया कि उन्होंने तकनीकी उद्देश्य से केवल फाइल का नाम लिया था। उनका मुख्यमंत्री के नाम के आगे ‘मुख्यमंत्री’ या ‘सर’ न लगाकर किसी तरह का अनादर या अपमान करने का उद्देश्य नहीं था।
उन्होंने कहा कि वीडियो का केवल एक हिस्सा सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिससे यह धारणा बनी कि उन्होंने जानबूझकर सतीशन का नाम बिना सम्मान के लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर मेरी किसी बात या कार्य से किसी को ठेस पहुंची है या कोई आहत हुआ है तो मैं ईमानदारी से माफी मांगता हूं। मेरा कभी भी किसी का अपमान करने या किसी को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं सभी का समान रूप से सम्मान करता हूं।’’
कुंजुमोन ने लोगों से मतभेदों को सभ्य तरीके से व्यक्त करने की अपील की और कहा कि अपमानजनक तथा गाली-गलौज वाले संदेश गंभीर मानसिक तनाव पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित रूप से मिले कुछ आपत्तिजनक संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए।