आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल उच्च न्यायालय ने इस साल मई में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के घर पर छापेमारी के लिए गए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमला करने के आरोपी चार और लोगों को जमानत दे दी है।
उच्च न्यायालय ने बुधवार को इस मामले में निदिन राज, शाहीन, विजय एस एल और शाइजू सलीम को जमानत दे दी।
अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष के अनुसार जांच लगभग पूरी हो चुकी है, आरोपियों का कोई गंभीर अपराध का पिछला रिकॉर्ड नहीं है और पीड़ितों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
वहीं, न्यायमूर्ति कौसर एडप्पागाथ ने कहा कि केस डायरी देखने से पता चलता है कि चारों पर लगे आरोप बहुत गंभीर हैं और (प्रथम दृष्टया) ये उनकी ओर से पहले से सोच-समझ कर किए गए आपराधिक कृत्य की ओर इशारा करते हैं।
उच्च न्यायालय ने इस हफ्ते की शुरुआत में मामले में 13 अन्य आरोपियों को भी जमानत दी थी।
बुधवार को इस मामले में चार और लोगों को जमानत मिलने के साथ ही कुल 18 आरोपियों को राहत मिल गई है। इनमें से एक को अधीनस्थ अदालत से जमानत मिली थी।