आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
यहां पलारीवट्टम में हथियारों से लैस पांच लोगों के एक गिरोह ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर तीन महिलाओं सहित सात प्रवासी मजदूरों को बंधक बनाकर उनके कपड़े उतरवाए और 6.05 लाख रुपये से अधिक की कीमत के सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार देर रात 12.30 बजे से 1.15 बजे के बीच संस्कार जंक्शन के पास एक घर में हुई, जहां असम और पश्चिम बंगाल के सात मजदूर (चार पुरुष और तीन महिलाएं) एक साथ रह रहे थे।
पलारीवट्टम पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, हथियारबंद पांच लोग जबरन घर में दाखिल हुए और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों को चाकू का भय दिखाकर बंधक बना लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर एक पुरुष मजदूर को अपनी ऑनलाइन बैंकिंग का पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया और उसके खाते से दो किश्तों में कुल 12,000 रुपये निकाल लिये।