आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर ई20 पेट्रोल के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करने के उनके कदम पर पलटवार किया।
भाजपा ने केजरीवाल पर भारतीय किसानों के हितों का विरोध करने और अपनी ‘विफल हो चुकी राजनीति’ को फिर से शुरू करने की कोशिश का आरोप लगाया।
दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल और अन्य लोगों को फिरोजशाह रोड पर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने से रोक दिया।
केजरीवाल ने ई20 (20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित) पेट्रोल के खिलाफ 2.30 लाख से ज्यादा ज्ञापन सौंपने के लिए करीब 100 लोगों के साथ मार्च शुरू किया था। उनका आरोप है कि इस ईंधन नीति से गाड़ी मालिकों पर बुरा असर पड़ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि केंद्र अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में एथनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार इस मुद्दे पर अमेरिका के आगे ‘झुक’ गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने केजरीवाल के विरोध को ‘बेतुका’, ‘बेमतलब’ और राजनीति से प्रेरित बताया।