आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाते हैं।
गुप्ता ने एक जनसभा में कहा, “आज दिल्ली और पूरा देश साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। मैंने देखा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल वकील हो गए हैं। वह अदालत में जाकर अपनी सफाई पेश करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल का प्रमुख संस्थानों को निशाना बनाने का पुराना इतिहास है।
गुप्ता ने केजरीवाल पर लोकतांत्रिक संस्थानों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस एजेंसी ने भी केजरीवाल के खिलाफ दो शब्द कह दिए, उन्होंने उसको निशाना बनाया, फिर चाहे वह सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो), ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), निर्वाचन आयोग, प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल और यहां तक कि न्यायपालिका ही क्यों न हो।
उन्होंने कहा, ‘‘आज केजरीवाल न्यायपालिका पर सवाल उठा रहे हैं। जब फैसले उनके पक्ष में आते हैं तब इन संस्थाओं की तारीफ करते हैं, लेकिन अब उन्होंने फिर से न्यायपालिका पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। मैं पूछना चाहती हूं कि उन्हें कौन सा डर सता रहा है कि वह लोकतंत्र के इतने मजबूत स्तंभों पर उंगली उठा रहे हैं?’’
गुप्ता ने कहा, ‘‘दिल्ली और देश की जनता इस व्यवहार को देख रही है। देश को न्यायपालिका पर भरोसा है और न्याय की जीत होगी।’’
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को निराश कर चुकी है।