जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा ने धर्मेंद्र प्रधान से की अलग-अलग मुलाकातें

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 17-11-2025
Jitan Ram Manjhi and Upendra Kushwaha met Dharmendra Pradhan separately.
Jitan Ram Manjhi and Upendra Kushwaha met Dharmendra Pradhan separately.

 

नई दिल्ली

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके आवास पर अलग-अलग मुलाकात की। प्रधान हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रभारी थे।

मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार के राजनीतिक मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद थे। ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं जब बिहार में विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत के बाद राजग सरकार गठन की तैयारियों में जुटा है।

मुलाकात के बाद मांझी और कुशवाहा की प्रतिक्रिया

धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के बाद जीतन राम मांझी ने ‘एक्स’ पर लिखा,“केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राजग की भारी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके अथक परिश्रम की सराहना की और उन्हें बधाई दी।”उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।

इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,“आज शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री और बिहार चुनाव में भाजपा के विशेष प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान जी से मिलकर राजग की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी।”कुशवाहा ने भी अपनी बैठक की तस्वीर साझा की।

सरकार गठन पर चर्चा

सूत्रों के अनुसार, मांझी और कुशवाहा दोनों ने भाजपा नेतृत्व के साथ बिहार में नई सरकार के गठन और राज्य मंत्रिमंडल में अपनी-अपनी पार्टियों के प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा की।

इसी बीच, बिहार के निवर्तमान मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को होगी, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नई सरकार के गठन के लिए आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी करने के लिए अधिकृत किए जाने की संभावना है।