झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-11-2025
Jharkhand Governor, Chief Minister greet people on Birsa Munda's birth anniversary and State Foundation Day
Jharkhand Governor, Chief Minister greet people on Birsa Munda's birth anniversary and State Foundation Day

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य के स्थापना दिवस की रजत जयंती पर शनिवार को लोगों को बधाई दी।
 
गंगवार ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद किया और कहा कि वह सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं।
 
राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मातृभूमि और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने युवावस्था में जो असाधारण संघर्ष किया, वह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सभी देशवासियों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
 
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। साथ ही आप सभी को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। समृद्ध, सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण में हम सभी का सहयोग निरंतर बना रहे।’’
 
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए गंगवार ने कहा, ‘‘झारखंड आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है, जो विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी के सुख, समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।’’
 
मुख्यमंत्री ने भी झारखंड के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
 
सोरेन ने अपने कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट को पुन: पोस्ट किया और लिखा, ‘‘समस्त झारखंड वासी अपने वीर सपूत उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 150वीं जयंती पर नमन करते हैं…। धरती आबा के आदर्शों पर चलकर ही वीर शहीदों ने अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना को साकार किया जिसका प्रतिफल है आज 25 वर्ष का युवा झारखंड धरती आबा को जोहार कर रहा है।’’
 
झारखंड को 2000 में बिहार से अलग किया गया था। 15 नवंबर को आदिवासी प्रतीक बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य का स्थापना दिवस साथ-साथ मनाया जाता है।