आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से थाथरी शहर का ऊपरी इलाका प्रभावित हुआ है। बाढ़ से कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा।
इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पहाड़ी इलाके में हुई भारी बारिश के बाद डोडा और किश्तवाड़ जिलों में पिछले दो दिनों में अचानक बाढ़ आने की यह तीसरी घटना है।
अधिकारियों ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश की वजह से अचानक बाढ़ आ गई जिससे बड़े बड़े पत्थर, कीचड़ और मलबा थाथरी शहर में आ गया।
कीचड़ और बड़े पत्थरों के बहकर आने और घरों एवं दुकानों से टकराने के कारण इन संरचनाओं को आंशिक नुकसान पहुंचा।
सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ गाड़ियां बाढ़ के पानी के साथ बहकर चिनाब नदी में चली गईं।
प्रभावित गाड़ियों की सही संख्या और नुकसान के स्तर का आधिकारिक तौर पर अब पता नहीं चल पाया है।
अचानक आई बाढ़ के बाद थाथरी के पास डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग भी बंद हो गया जिससे क्षेत्र में गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई।