‘आपको मामा कहना गलत नहीं है’ : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-04-2026
'It's not wrong to call you uncle': Chief Minister Omar Abdullah
'It's not wrong to call you uncle': Chief Minister Omar Abdullah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्रीनगर के एसकेआईसीसी में नयी ग्रामीण विकास परियोजनाओं की शुरुआत के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर प्रशंसा की और उन्हें केंद्र शासित प्रदेश का ‘‘सच्चा मित्र और शुभचिंतक’’ बताया।

इससे पहले, चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के चौथे चरण के तहत 330 नयी सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की।
 
सरकार के एक बयान के अनुसार, इन सड़कों से जम्मू-कश्मीर की दूरदराज की 363 बस्तियों को लाभ मिलेगा।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि धनराशि का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से किया जाए।
 
उमर अब्दुल्ला ने यहां कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमारी सरकार डेढ़ साल से सत्ता में है। आपने (चौहान) बार-बार यह साबित किया है कि आप न केवल जम्मू-कश्मीर के मित्र हैं, बल्कि उसके शुभचिंतक भी हैं। मध्य प्रदेश की जनता आपको ‘मामा’ कहकर पुकारती है, और आपको ‘मामा’ कहना गलत नहीं है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल उन्हें और धनराशि मांगने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पिछले एक साल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जम्मू-कश्मीर को 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मंजूर की जा चुकी हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम अगले कुछ महीनों में स्वीकृत परियोजनाओं पर काम शुरू कर देंगे। जब आप काम से संतुष्ट हो जाएंगे, तो मैं (उपमुख्यमंत्री) सुरिंदर चौधरी के साथ और अधिक परियोजनाओं की मंजूरी के लिए आपसे दोबारा संपर्क करूंगा।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन को काफी हद तक बदल देता है क्योंकि इससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार तक पहुंच प्राप्त करने में मदद मिलती है।
 
इससे पहले, चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर, जमीनी स्तर पर ठोस विकास कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।