आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में कच्चे मकानों में रहने वाले सभी पांच लाख परिवारों को भौतिक सत्यापन के बाद पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।
चौहान ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे पीएम आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। जम्मू कश्मीर में हुए एक नए सर्वेक्षण में पाया गया है कि पांच लाख परिवारों के पास स्थायी आवास नहीं है। भौतिक सत्यापन के बाद मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जम्मू कश्मीर में कोई भी कच्चे मकान में नहीं रहेगा।’’
मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के द्वितीय बैच के तहत 3,550 करोड़ रुपये की लागत से 1,600 किलोमीटर लंबी 330 नयी सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। इन सड़कों से जम्मू कश्मीर की 363 दूरस्थ बस्तियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और सरकार इस दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर को विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। विकास सरकार का कर्तव्य है, लेकिन मोदी सरकार जम्मू कश्मीर को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश में सड़क संपर्क की समस्या अधिक है। हम जम्मू कश्मीर को प्राथमिकता मानते हैं। पीएमजीएसवाई-चतुर्थ, प्रथम बैच के तहत सड़क परियोजनाओं की मंजूरी पाने वाला यह पहला राज्य था और द्वितीय बैच में भी मंजूरी पाने वाला यह पहला राज्य है।’’
चौहान ने महिला स्वयं सहायता समूहों के बारे में कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 4,000 करोड़ रुपये वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जम्मू कश्मीर में दो लाख लखपति दीदियां हैं। प्रधानमंत्री ने देश के लिए छह करोड़ का लक्ष्य रखा है। हम चाहते हैं कि इस देश में कोई भी गरीब न रहे।”