It is necessary for CPC members to strengthen party leadership: Chinese President Xi Jinping
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सोमवार को कहा कि सत्तारूढ़ ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ चाइना’ (सीपीसी) के सदस्यों के लिए पार्टी के समग्र नेतृत्व को मजबूत करना ‘‘अत्यंत आवश्यक’’ है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जियांग ज़ेमिन को उनकी जन्म शताब्दी पर श्रद्धांजलि देते हुए यह बात कही।
जियांग ने 1989 से 2002 तक सीपीसी के महासचिव और 1993 से 2003 तक चीन के राष्ट्रपति के तौर पर काम किया। 2022 में 96 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था।
यहाँ ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में जियांग की जन्म शताब्दी मनाने के लिए आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए, चिनफिंग ने पार्टी सदस्यों से आग्रह किया कि वे संकटों से निपटने में पूर्व नेता की दृढ़ता, राजनीतिक विश्वास, कम्युनिस्ट आदर्शों के प्रति निष्ठा और पार्टी के प्रति निष्ठा से सीख लें।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने चिनफिंग के हवाले से कहा, ‘‘इस नयी यात्रा में, पार्टी के समग्र नेतृत्व और सीपीसी की केंद्रीय समिति के केंद्रीकृत, एकीकृत नेतृत्व को मजबूत करना; पार्टी के पूर्ण और कठोर आत्म-नियमन को दृढ़ बनाना; और यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है कि चीनी विशेषताओं वाले समाजवाद के कार्य में पार्टी केंद्रबिंदु बनी रहे।’’
इस समारोह में पार्टी के हज़ारों अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें सीपीसी के सर्वोच्च निर्णय निकाय ‘पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी’ के सभी सात सदस्य और कई सेवानिवृत्त नेता शामिल थे।
मौजूद लोगों में पूर्व प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ और पूर्व उपराष्ट्रपति वांग किशान तथा ज़ेंग किंगहोंग शामिल थे।
हालांकि, ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की खबर के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओ कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे।
जियांग के नेतृत्व की सराहना करते हुए चिनफिंग ने कहा कि वह अपने कम्युनिस्ट आदर्शों पर अडिग रहे, अहम ऐतिहासिक और मुश्किल अवसरों पर ठोस फ़ैसले लिए, और जोखिमों व चुनौतियों का सामना करते हुए चीन में सुधार तथा समाजवादी आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाया।